Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 18 जनवरी। ग्रेटर फरीदाबाद की अमोलिक संकल्प सोसाइटी में हाई मेंटेनेंस चार्ज, बिजली की समस्या को लेकर 33 केवीए लाइन डालने की मांग और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर सोसाइटी वासियों ने एक बैठक की और समस्याओं को लेकर जहां चर्चा की गई वहीं, अमोलिक संकल्प सोसाइटी के बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति तय की गई। सोसाइटी निवासियों ने तय किया कि बिल्डर की अनदेखी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और रेरा के तहत कानूनी मदद लेकर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर परेशान निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 85 स्थित अमोलिक संकल्प सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि इस अफोर्डेबल सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज बहुत ज्यादा है जो किसी लग्ज़री सोसाइटी से भी बहुत ज्यादा है। वहीं मूलभूत समस्याओं पर उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या भी बहुत ज्यादा होती है और बिजली के लंबे कट लगते हैं, जबकि सोसाइटी में ऑक्यूपेंसी के समय से ही उन लोगों ने 33 kva लाइन के लिए 18000 रू/ एडवांस में प्रति फ्लैट के हिसाब से दिया हुआ है। लेकिन बिल्डर ने आज तक 33 केवीए लाइन के लिए सेटअप नहीं बनाया। वहीं उन्होंने अफसोस जताते हुए बताया कि अमोलिक संकल्प में रहने का निर्णय उनकी ज़िंदगी का सबसे गलत फैसला है और यदि यही रुपया उन्होंने कहीं और इन्वेस्ट किया होता तो उन्हें व उनके परिवार को बेसिक स्पोर्ट ओर सुविधाएं मिलती। उन्होंने बताया कि सभी मूलभूत समस्याओं के लिए बिल्डर को कई बार बताया जा चुका है, लेकिन आज तक कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि समस्याओं को लेकर आने वाले समय मे रेरा के तहत लीगल हेल्प भी ले सकते हैं और जरूरत पड़ी तो विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।
वहीं, अन्य निवासी योगेश ने बताया कि 33 केवीए और uvs सिस्टम को लेकर बिल्डर को बीते दिसंबर माह को लैटर दिया था और बिल्डर ने भी उन्हें 31 दिसंबर तक जवाब देने की बात कही थी, लेकिन आज तक उनके सवालों का जवाब बिल्डर ने नहीं दिया।



