गुरुग्राम, 13 फरवरी 2026।
जिले के पटौदी क्षेत्र के गांव रणसीका में शादी समारोह के दौरान चली एक गोली ने खुशियों को पलभर में सन्नाटे में बदल दिया। इस दर्दनाक घटना में एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 12/13 फरवरी की रात थाना पटौदी को रणसीका गांव में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि गोली लगने से घायल व्यक्ति को तुरंत विबरांत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने अस्पताल से डेड रुक्का प्राप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम की मोर्चरी भिजवाया और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान बरकत निवासी गांव खरोट, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और विकाश निवासी पटौदी के साथ टेंट में बिजली का काम करता था। 12 फरवरी को वह रणसीका गांव में रामानंद के बेटे की शादी के लग्न कार्यक्रम में टेंट की व्यवस्था के सिलसिले में मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात परिस्थितियों में उसे गोली लग गई।
परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर थाना पटौदी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच की जिम्मेदारी अपराध शाखा फर्रखनगर को सौंपी गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 फरवरी को गुरुग्राम से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष (21 वर्ष) निवासी बसई, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शादी समारोह में फोटो खिंचवाते समय उसके चाचा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल उसे पकड़ाई थी। आरोपी के अनुसार उसने पिस्टल मेज पर रख दी थी और उठाते समय उससे गलती से गोली चल गई, जो बरकत को जा लगी।
हालांकि पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। हथियार की जब्ती, फॉरेंसिक जांच और अन्य गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है और जांच जारी है।
शादी के जश्न में हुई इस लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।



