फरीदाबाद में खुद को हरियाणा पुलिस का एएसआई बताकर रौब झाड़ने की कोशिश कर रहे एक युवक को ट्रैफिक पुलिस टीम ने धर दबोचा। मामला सामने आते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 12 फरवरी को बडखल चौक पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान HR87J3175 नंबर की एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रुकवाया गया। कार चालक ने पूछताछ के दौरान खुद को हरियाणा पुलिस में एएसआई बताते हुए थाना सुरजकुण्ड में तैनात होने का दावा किया।

जब ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा तो उसने एक सिपाही का आई-कार्ड पेश कर दिया। कार्ड की जांच के दौरान पुलिस टीम को संदेह हुआ। गहन छानबीन और विभागीय सत्यापन में स्पष्ट हो गया कि संबंधित व्यक्ति पुलिस विभाग में कार्यरत ही नहीं है। इतना ही नहीं, उसकी कार के आगे और पीछे पुलिस के स्टीकर भी लगे हुए थे, जिससे आम लोगों पर प्रभाव डाला जा सके।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस की पहचान का दुरुपयोग कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए होमगार्ड ट्रैफिक स्टाफ फरीदाबाद के नसीब की शिकायत पर थाना ओल्ड में अभियोग दर्ज किया गया।
आरोपी की पहचान दीपक निवासी गांव अंखीर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। उसे पुलिस चौकी सेक्टर 19 की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल किन-किन स्थानों पर और किन उद्देश्यों से किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी और पुलिस पहचान का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर संदेहास्पद व्यवहार करता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में दें।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। 🚔



