गुरुग्राम, 13 फरवरी 2026।
साइबर अपराधों पर लगातार शिकंजा कस रही गुरुग्राम पुलिस ने जिगोलो सर्विस की मेंबरशिप के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध पूर्व थाना टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2025 को एक व्यक्ति ने साइबर अपराध पूर्व थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने फेसबुक पर जिगोलो सर्विस का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उससे मेंबरशिप के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवाए गए। रकम ट्रांसफर होते ही संपर्क करने वाले व्यक्तियों ने जवाब देना बंद कर दिया, जिसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध पूर्व में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध श्री प्रियांशु दीवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
13 फरवरी 2026 को पुलिस ने मानेसर क्षेत्र से दो आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देशराज (35 वर्ष), निवासी खो, जिला गुरुग्राम और अर्जुन सिंह, निवासी गांव घाटोली, जिला भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि जिस मोबाइल नंबर से पीड़ित से संपर्क किया गया था, वह सिम कार्ड देशराज के नाम पर पंजीकृत था। पूछताछ में देशराज ने बताया कि उसने यह सिम कार्ड 1500 रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। वहीं ठगी गई रकम में से 40 हजार रुपये अर्जुन सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। अर्जुन ने पुलिस को बताया कि उसने अपना बैंक खाता 3000 रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए दे दिया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठग अक्सर भोले-भाले लोगों को सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए फंसाते हैं और फर्जी मेंबरशिप, लोन या जॉब ऑफर के नाम पर रकम ऐंठ लेते हैं। मामले में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन सर्विस या ऑफर पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें और अनजान नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।



