गुरुग्राम में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 फरवरी 2026 को बड़ी तोड़फोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया। यह अभियान राजस्व संपदा गांव साढ़राना और लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी वुड व्यू रेजिडेंसी, सेक्टर-89 में पुलिस बल की मौजूदगी में चलाया गया। कार्रवाई पुलिस थाना सेक्टर-10ए के अधिकार क्षेत्र में की गई और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

प्रशासन को मुख्यमंत्री विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई। पहली शिकायत के तहत गांव साढ़राना की राजस्व भूमि में विकसित की जा रही एक अनधिकृत कॉलोनी को चिन्हित किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने वहां बनाए गए 3 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) को ध्वस्त कर दिया। साथ ही कॉलोनी में तैयार की गई पूरी कच्ची सड़क नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध निर्माण न हो सके।

इसी क्रम में एक अन्य शिकायत, जो श्रीमती सुनीता द्वारा मुख्यमंत्री विंडो पर दर्ज कराई गई थी, के आधार पर सेक्टर-89 स्थित वुड व्यू रेजिडेंसी में अवैध साइट ऑफिस को पूरी तरह से गिरा दिया गया। यह भूमि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी के अंतर्गत विकसित की जा रही थी, जिसे Orris Pvt Ltd द्वारा विकसित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस प्राप्त क्षेत्र में भी किसी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त गांव साढ़राना में ही एक अन्य अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान वहां विकसित की गई पूरी सड़क व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया और 13 डीपीसी को तोड़ दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक था।
कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी या निर्माण में निवेश करने से पहले संबंधित विभाग से सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में नुकसान से बचा जा सके।



