गुरुग्राम, 14 फरवरी 2026। साइबर सिटी गुरुग्राम में रंगदारी और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 42 वर्षीय व्यक्ति से दो लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर उस पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेंद्र उर्फ टिल्लू (43 वर्ष), निवासी रविदास मोहल्ला, बादशाहपुर के रूप में हुई है।

मामले की शुरुआत 6 जनवरी 2026 को हुई, जब थाना बादशाहपुर पुलिस को सेक्टर-47 स्थित पार्क हॉस्पिटल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति झगड़े में गंभीर रूप से घायल होकर भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित की मेडिकल लीगल केस (MLC) रिपोर्ट प्राप्त की। डॉक्टरों ने प्रारंभ में घायल को बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किया। दो दिन बाद, 8 जनवरी को दोबारा राय लेने पर डॉक्टरों ने उसे बयान के लिए फिट बताया, जिसके बाद पीड़ित ने लिखित शिकायत दी।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित बादशाहपुर क्षेत्र का निवासी है और उसने किराये की जमीन पर झुग्गी बना रखी है। उसने बताया कि उसके गांव का रहने वाला नरेंद्र उर्फ टिल्लू पहले हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने उससे कहा कि जेल के दौरान उसने कोई मदद नहीं की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई।
पीड़ित का आरोप है कि उसी दौरान नरेंद्र ने उससे एक लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जिसे उसने डर के कारण दे दिया। इसके बाद करीब 15 से 20 दिन पहले आरोपी 8 से 10 युवकों के साथ फिर उसके पास पहुंचा और दो लाख रुपये की मांग की। जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने रंजिश पाल ली।
6 जनवरी की शाम, जब पीड़ित स्कूटी से घर लौट रहा था, तब स्पोर्ट्स एकेडमी के पास 14-15 युवक पहले से घात लगाकर खड़े थे। सभी के हाथों में सरिया और डंडे थे। आरोप है कि उन्होंने स्कूटी रुकवाकर पीड़ित पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड और लाठियों से बुरी तरह पीटकर उसके हाथ-पैरों में गंभीर चोटें पहुंचाईं और धमकी दी कि यदि दो लाख रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे।
शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 फरवरी 2026 को राजीव चौक क्षेत्र से मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ टिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों मोहित, विवेक, विकास, दीपक और आकाश के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। उसी योजना के तहत पीड़ित पर हमला कर रंगदारी वसूलने का प्रयास किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नरेंद्र उर्फ टिल्लू के खिलाफ गुरुग्राम जिले में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी, डकैती, सरकारी कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कुल 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इस मामले में अब तक मोहित, विवेक, दीपक, आकाश, विकास और नरेंद्र उर्फ टिल्लू सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और मामले का अनुसंधान जारी है।
गुरुग्राम में बढ़ती रंगदारी की घटनाओं के बीच यह कार्रवाई पुलिस के लिए अहम मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।



