गुरुग्राम, 14 फरवरी 2026। साइबर सिटी कहे जाने वाले गुरुग्राम के गांव खांडसा में शनिवार दोपहर एक ज्वेलर्स की दुकान पर हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर दुकानदार को धमकाया, अलमारी खुलवाई और करीब 5 किलो चांदी व 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार होने की कोशिश की। हालांकि भागते समय दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस थाना सेक्टर-37 को 14 फरवरी को दोपहर लगभग 2:30 बजे सूचना मिली कि गांव खांडसा स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में लूट हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी तीन युवक अंदर आए। उनमें से एक ने हाथ में पिस्टल लेकर उसे साइड में खड़े होने और जान से मारने की धमकी दी। दूसरे आरोपी ने लोहे की रोड से हमला करने की कोशिश की। बदमाशों ने पिस्टल के दम पर अलमारी खुलवाई और उसमें रखी करीब 5 किलो चांदी तथा 35 हजार रुपये नकद निकाल लिए।
घटना के बाद तीनों आरोपी दुकान का शटर बंद कर भागने लगे, लेकिन दुकानदार ने साहस का परिचय देते हुए एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी को काबू में रखा गया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-37 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू की। पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास (उम्र 22 वर्ष), निवासी गांव खांडसा, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार के बल पर इस वारदात की योजना बनाई थी और तय योजना के अनुसार लूट को अंजाम दिया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया था। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे फरार साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और बाजारों में निगरानी सख्त की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
फिलहाल मामला अनुसंधानाधीन है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




