गुरुग्राम, 19 फरवरी 2026।
सड़कों को जाम से आज़ादी दिलाने के लिए Gurugram Police की यातायात शाखा ने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। 17 फरवरी 2026 से Gurugram Metropolitan Development Authority (GMDA) के सहयोग से शहर में क्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। बीते दो दिनों में करीब 150 से अधिक वाहनों को नो-पार्किंग से उठाकर नियमानुसार जुर्माना लगाया जा चुका है।

ट्रैफिक पुलिस का साफ संदेश है कि अब सड़क किनारे मनमानी पार्किंग नहीं चलेगी। पहली बार वाहन टो होने पर ₹1000 क्रेन शुल्क और ₹500 नो-पार्किंग जुर्माना, यानी कुल ₹1500 देना होगा। दोबारा गलती दोहराने पर ₹1000 क्रेन शुल्क के साथ ₹1500 जुर्माना, कुल ₹2500 वसूला जाएगा।
इस कार्रवाई का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि शहर को जाम-मुक्त और सुरक्षित बनाना है। अवैध रूप से खड़े वाहन न केवल यातायात बाधित करते हैं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी खतरा बनते हैं।
यातायात व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए GMDA और ट्रैफिक पुलिस ने सिटी टोइंग मैनेजमेंट एप्लिकेशन और केंद्रीकृत निगरानी डैशबोर्ड लागू किया है। अमर बिजनेस सॉल्यूशंस द्वारा विकसित इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से अब टो किए गए वाहनों की रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग, निगरानी और रिपोर्टिंग संभव होगी।
क्यूआर आधारित नागरिक पोर्टल के माध्यम से वाहन मालिक अपने वाहन की स्थिति, पार्किंग स्थल और छुड़ाने की प्रक्रिया की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 1095 और 0124-2386000 जारी किए गए हैं।
यह संयुक्त पहल गुरुग्राम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जाम-मुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।




