Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
दिल्ली और गुड़गांव को जोड़ने वाली द्वारका एक्सप्रेसवे की 3.6 किलोमीटर लंबी टनल लोगों को सुविधा देने के लिए बनाई गई थी। इस टनल में रोज जाम लगता है। सुबह व शाम के समय हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि 5 मिनट का सफर तय करने के लिए 30 से 60 मिनट तक लग जाते हैं। यह कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि रोज़ की कहानी है। सोमवार से लेकर शुक्रवार तक यही हालात रहते हैं। यूईआर 2 व द्वारका एक्सप्रेसवे का टोल देने के बावजूद वाहन चालक लंबे इंतजार में फंस जाते हैं।
मारुति कुंज के जोगेंद्र ने बताया कि रोज शाम के समय टनल से बाहर निकलते समय जाम लगता है। पहले 4 किलोमीटर का सफर 5 मिनट में हो जाता था, लेकिन अब 50 मिनट तक लग जाते हैं। वहीं निरंजन का कहना है कि सुबह व शाम के समय ही जाम लग जाता है। उसी समय अगर लोग जाम में फंस रहे हैं तो टनल का क्या फायदा है। इसी समय हजारों लोग दिल्ली से गुड़गांव व गुड़गांव से दिल्ली आवागमन करते हैं। इस तरफ ध्यान देने की जरूरत है। गुड़गांव से दिल्ली की तरफ आते समय यशोभूमि के पास गोल चक्कर पर भी भारी जाम लग रहा है। यहां सड़क संकरी होने और ट्रैफिक सिग्नल की कमी से वाहन चालक घंटों फंस जाते हैं। कई बार इतना लंबा जाम लग जाता है कि एक घंटे से ज्यादा समय तक लोग जाम में ही फंसे रहते हैं।
वहीं ट्रैफिक एक्सपर्ट्स की माने तो टनल के प्रवेश के बाहर तो पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं लेकिन एग्जिट पर कोई ध्यान नहीं देता। जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मी कोई कदम नहीं उठाते। इसके अलावा सिग्नल सिस्टम और अतिरिक्त लेन की जरूरत है।

टनल में जाम की असली वजह
-द्वारका की ओर से टनल क्रॉस करते समय एयरपोर्ट व धौला कुआं जाने वालों की लंबी कतारें होती हैं। वह रास्ते को पूरी तरह से कवर कर लेते हैं। इस वजह से गुड़गांव जाने वाले वाहन रास्ते में ही फंस जाते हैं। इस वजह से लंबा जाम लगता है।
-दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम होने की वजह से भी इस टनल से वाहन बाहर निकल नहीं पाते हैं। जिस वजह से जाम लगता है।
-कापासहेड़ा की तरफ जाने वाला कट बंद होना।
-सेक्टर-21 राउंडअबाउट के पास सड़क संकरी होने व यूटर्न के बंद होने से परेशानी होती है।
टोल चुकाने के बाद भी परेशानी
बिजवासन टोल प्लाजा पर कारों के लिए एक तरफ का टोल 200 रुपये से ज्यादा है। इसी तरह मुंडका टोल पर भी 200 रुपये से ज्यादा देने पड़ते हैं। फिर भी लोग घंटों फंस जाते हैं। यूईआर-2 (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) से जुड़ने के बाद टनल पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया है।





