Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। एंटी नारकोटिक सेल और ड्रग कंट्रोल विभाग की कार्रवाई में मेडिकल स्टोर को अवैध रूप से नशीली सिरप और टैबलेट सप्लाई करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 अप्रैल 2026 को झाड़सा चौक स्थित ओम मेडिकल स्टोर पर रेड की गई थी। इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालक दीपक नागपाल को गिरफ्तार किया गया था। जांच में उसके मेडिकल स्टोर और कार से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुई थीं।
पुलिस ने मौके से 2250 ट्रामासे-पी टैबलेट, 220 बोतल कोफ्रीक्स सिरप (कोडीन युक्त) और एक होंडा सिटी कार बरामद की थी। आरोपी इन दवाओं से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस या खरीद रिकॉर्ड नहीं दिखा पाया, जिसके बाद दुकान को सील कर दिया गया था।
अब इस मामले में पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए मोहित रोहिल्ला उर्फ मोगली और हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार किया है। मोहित को सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क के पास से और हिमांशु को सिकंदरपुर इलाके से पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि मेडिकल स्टोर संचालक दीपक नागपाल को नशीली सिरप और टैबलेट मोहित सप्लाई करता था, जबकि मोहित ये दवाएं हिमांशु से खरीदता था। पुलिस के अनुसार हिमांशु भी गुरुग्राम में मेडिकल स्टोर चलाता है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
