Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के बाद शहर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। बुधवार को चुनाव जीतकर आए 10 निर्दलीय पार्षद केंद्रीय मंत्री Rao Inderjit Singh के रामपुरा हाउस पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान सभी पार्षदों ने भाजपा के साथ मिलकर शहर के विकास में काम करने की बात कही।

रामपुरा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री Aarti Rao, भाजपा जिला अध्यक्ष Vandana Popli और नवनिर्वाचित नगर परिषद चेयरमैन Vinita Peepal मौजूद रहे। सभी निर्दलीय पार्षदों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया।
मुलाकात के दौरान काफी गर्मजोशी का माहौल देखने को मिला। पार्षदों ने अपनी जीत का श्रेय जनता को देते हुए कहा कि वे शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर भाजपा के साथ मिलकर काम करेंगे।
कैबिनेट मंत्री आरती राव ने सभी पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि रेवाड़ी के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। वहीं राव इंद्रजीत सिंह ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बात कही।
राजनीतिक तौर पर भी इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से नगर परिषद में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी।
रामपुरा हाउस में दिनभर समर्थकों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। समर्थकों ने पार्षदों की जीत पर खुशी जताई और शहर में तेज विकास कार्यों की उम्मीद भी जाहिर की।
राव इंद्रजीत से मुलाकात करने वालों में वार्ड 5 से पूनम कुमारी, वार्ड 6 से गोपाल सैनी, वार्ड 8 से पूनम सतीजा, वार्ड 10 से पवन बठला, वार्ड 16 से मुकेश वर्मा, वार्ड 26 से इतेंद्र यादव, वार्ड 27 से सुमन खरेरा, वार्ड 28 से रमेश मोरवाल, वार्ड 29 से श्री भगवान यादव और वार्ड 30 से पूनम शामिल रहे।
इसके अलावा राव इंद्रजीत सिंह ने रेवाड़ी नगर परिषद की नवनिर्वाचित चेयरमैन विनीता पीपल और धारूहेड़ा नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन Ajay Jangra को जीत की बधाई दी।
