विजयप्रताप सिंह, एसपी नूंह।
अपराधों व अपराधियों पर कसी जाएगी लगाम
दिल्ली-मुंबई मेगा एक्सप्रेस वे के साथ लगती संघेल गांव की 120 एकड़ जमीन का चयन
फिरोजपुर झिरका, 13 जनवरी। प्रदेश सरकार की ओर से नूंह जिला के संघेल गांव में 120 एकड भूमि पर इंडियन रिजर्व पुलिस बल (आईआरबी) का स्थायी मुख्यालय बनाया जाएगा। दिल्ली-मुंबई मेगा एक्सप्रेस वे के साथ लगती संघेल गांव की इस जमीन का चयन पुलिस अधिकारियों ने कर लिया है। शीघ्र ही इस पर काम प्रारंभ होने की संभावना हैं। नूंह जिला में अपराधों पर नियंत्रण करने तथा अपराधियों को दबोचने में आईआरबी की टीम हरियाणा पुलिस के नूंह जिला की टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बता दें नूंह जिला में आईआरबी की द्वितीय बटालियन का मुख्यालय नहीं था। एसपी नूंह विजयप्रताप सिंह ने नूंह जिला में आईआरबी का स्थायी मुख्यालय बनवाने के लिए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक शत्रूजीत कपूर से बात की। इसके लिए उनको प्रदेश सरकार एवं पुलिस के आला अधिकारियों से हरी झंडी मिल गई। इसके बाद उन्होंने आईआरबी की द्वितीय बटालियन का स्थायी केंद्र बनाने के लिए जमीन का चयन करना प्रारंभ किया। उपायुक्त विश्वास कुमार मीणा के साथ एसपी नूंह विजयप्रताप ने जिले में कई गावों में जाकर आईआरबी के इस स्थायी सेंटर के लिए जमीन तलाश की। अधिकारी इस तरह की जमीन का चयन करना चाह रहे थे जो दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस वे के नजदीक हो और आवश्यकता पडने पर आईआरबी की बटालियन को कहीं भी तुरंत भेजा जा सके। दोनों अधिकारियों ने संघेल गांव की दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से लगती लगभग 120 एकड भूमि का चयन किया है। इसके लिए शीघ्र अधिकारियों से स्वीकृति मिलने के बाद काम प्रारंभ होने की संभावना है। प्रदेश सरकार द्वारा संघेल गांव में स्थापित की जाने वाली आईआरबी की द्वितीय बटालियन के स्थायी मुख्यालय पर पांच कंपनियां तैनात की जाएंगी। तथा इन पांचों कंपनियों में लगभग 600 अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।बता दें प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में अपराधों को रोकने एवं अपराधियों की धरपकड करने के लिए चंड़ीगढ़ में पुलिस अधिकारियों की मीटिंग कर उनको फ्री हैंड दे दिया है। इसके बाद पुलिस अब अपराधों को रोकने एवं अपराधियों की धरपकड करने के लिए और अधिक तत्परता से सक्रिय होगी। विजयप्रताप सिंह, एसपी नूंह ने कहा कि जिला के संघेल गांव में 120 एकड भूमि पर आईआरबी की द्वितीय बटालियन का स्थायी मुख्यालय बनाया जाएगा। इसमें 600 के लगभग अधिकारी एवं पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। अपराधियों की धरपकड करने तथा अपराधों की रोकथाम करने में नूंह जिला पुलिस के साथ आईआरबी की टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



