गांव मुंडाहेड़ा में बलिदानी मनोज कुमार के घर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते सीएम हरियाणा के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बडख़ालसा।
शहीद परिवार को नियमानुसार सभी प्रकार की मदद समयबद्ध तरीके दी जाएगी
गांव में शहीद मनोज की याद में प्रतिमा स्थापित होगी
झज्जर , 13 जनवरी,(विनीत नरूला),। हरियाणा मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र सिंह बडख़ालसा ने आज सीएम नायब सिंह सैनी के प्रतिनिधि के तौर पर गांव मुंडाहेड़ा निवासी शहीद मनोज कुमार के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि शहीद मनोज कुमार वीर साहसी सैनिक थे, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह न करते हुए मातृभूमि पर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
ओएसडी ने कहा कि सरकार की ओर से शहीद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और गांव में पंचायत के प्रस्ताव के अनुसार किसी एक सरकारी भवन का नाम शहीद मनोज के नाम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद मनोज के आश्रितों को सरकार की नीति के अनुसार सभी प्रकार की मदद समयबद्ध तरीके पूरी की जाएगी। गांव के विकास कार्यों को प्राथमिकता से करवाया जाएगा।गौरतलब है कि शहीद मनोज कुमार वर्ष 2014 में भारतीय तटरक्षक बल में भर्ती हुए थे और गुजरात के पोरबंदर में प्रधान नाविक के पद पर में तैनात थे। गत पांच जनवरी को पोरबंदर में हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हो गए थे। इस अवसर पर जिला पार्षद संजय मुुंडाहेड़ा, ग्रीवेंस कमेटी सदस्य जसबीर सैनी, योगेश सिलानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



