Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: साइबर सिटी के रोशनपुरा इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ एक जर्जर मकान को तोड़ने के दौरान अचानक छत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में दो महिला मजदूर मलबे के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में एक महिला गर्भवती बताई जा रही है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रोशनपुरा में एक पुराने और जर्जर मकान को गिराने का काम चल रहा था। दोपहर के समय दोनों महिला मजदूर छत पर बैठकर खाना खा रही थीं। तभी अचानक छत गिर गई और वे मलबे के नीचे दब गईं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास में वाईफाई का काम कर रहे कुछ युवकों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाया और काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को बाहर निकाला।

घटना के बाद ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मजदूरों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट या सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराए गए थे। बिना सुरक्षा मानकों के काम कराए जाने के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों महिलाओं की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे में लापरवाही किस स्तर पर हुई।




