Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के भोंडसी क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार, 24 मार्च 2026 को व्यापक डेमोलिशन ड्राइव चलाया। यह अभियान पुलिस थाना भोंडसी के अधिकार क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान भोंडसी और रिठौज गांव के रेवेन्यू एरिया में विकसित की गई दो अवैध कॉलोनियों को निशाना बनाया गया। करीब 3.5 एकड़ भूमि पर फैली इन कॉलोनियों में बिना अनुमति के निर्माण कार्य किया गया था, जिसे नियमों के उल्लंघन के चलते ध्वस्त किया गया।
डेमोलिशन अभियान के दौरान कुल 10 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स), 3 बाउंड्री वॉल्स के साथ-साथ कॉलोनी के अंदर बनाए गए पक्के और कच्चे सड़कों के पूरे नेटवर्क को भी तोड़ दिया गया। प्रशासन का कहना है कि ये कॉलोनियां बिना किसी वैलिड एक्सेप्टेंस के विकसित की जा रही थीं, जिससे भविष्य में अवैध कब्जों और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो सकती थीं।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अवैध कॉलोनियों और निर्माण कार्यों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संपत्ति को खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करें, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




