Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा सीलिंग और डेमोलिशन अभियान चलाया। यह कार्रवाई थाना सेक्टर-50 पुलिस की मौजूदगी में की गई। कार्रवाई के दौरान यूनिवर्सल ट्रेड टावर, उप्पल साउथेंड और निर्वाणा कंट्री इलाके में कई अवैध निर्माण हटाए गए और कुछ जगहों को सील भी किया गया।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-49 स्थित यूनिवर्सल ट्रेड टावर में कॉमन एरिया में बनाई गई अवैध अंदरूनी दीवार को तोड़ा गया। इसके बाद नियमों के तहत संबंधित परिसर को सील कर दिया गया।
वहीं, उप्पल साउथेंड में अवैध तरीके से लगाए गए एक खोखे पर भी कार्रवाई हुई। बताया गया कि इसकी शिकायत मानवाधिकार आयोग और अन्य शिकायत पोर्टलों पर की गई थी। शिकायतों की जांच के बाद प्रशासन ने खोखे को हटवा दिया।
इसके अलावा निर्वाणा कंट्री के एस्पेन ग्रीन्स में स्टिल्ट एरिया में बने अवैध सर्वेंट रूम को भी सील किया गया। इस मामले की शिकायत सीएम विंडो पोर्टल पर मिली थी, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
प्रशासन का कहना है कि गुरुग्राम में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
