Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 11 मार्च 2026 को पुलिस बल की मौजूदगी में सेक्टर-10A थाना क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव साढ़राणा की रेवेन्यू एस्टेट में बनी एक अवैध कॉलोनी और सेक्टर-89 की ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी Tulip Ace में हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।

5 एकड़ में बनी अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोज़र
प्रशासन की टीम ने गांव साढ़राणा की रेवेन्यू एस्टेट में करीब 5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। इस दौरान 12 डीपीसी, 3 बाउंड्री वॉल और 2 निर्माणाधीन ढांचों को पूरी तरह से गिरा दिया गया। साथ ही कॉलोनी के अंदर बनाए गए मिट्टी के रोड नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया ताकि दोबारा अवैध बसावट ना हो सके।
CM विंडो शिकायत पर भी हुई कार्रवाई
इसके अलावा मुख्यमंत्री विंडो पर मिली शिकायत के आधार पर सेक्टर-89 स्थित Tulip Ace ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में आंतरिक सड़क पर बनाए गए अवैध कार पार्किंग शेड को भी प्रशासन ने तोड़ दिया। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।





