Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने सरहोल टोल के पास गुरुग्राम पुलिसकर्मी को कुचलने वाले आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से कैंटर को भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जोनल अधिकारी रात्रि हाइवे-प्रथम गुरुग्राम ने पुलिस थाना सेक्टर-17/18 में 26 नवंबर को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 25/26.11.2025 की रात को सरकारी गाड़ी (बोलेरो) पर चालक सिपाही लोकेश अन्य साथी कर्मचारी रात्रि गश्त पर थे। रात करीब 2 बजे सरहोल टोल के नजदीक लोकेश गाड़ी से नीचे उतरकर पेशाब करने जा रहा था, इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक चालक तेज गफलत व लापरवाही से ट्रक को चलाकर आया और लोकेश को टक्कर मारकर निकल गया, जिसके कारण लोकेश की मौत हो गई। प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-17/18 में सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा पालम विहार पुलिस ने इस मामले में आरोपी चालक को कल पालम विहार से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पवन कुमार (उम्र-34 वर्ष) निवासी गाँव गद्रीयनपुरवा जिला गोंडा (उत्तर-प्रदेश) वर्तमान निवासी सेक्टर-14 राजनगर जिला गाजियाबाद (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि व ह कैन्टर चालक है 25/26 की रात को वह भिवाड़ी (राजस्थान) से कैन्टर में समान भरकर गुरुग्राम से होते हुए गाजियाबाद (उत्तर-प्रदेश) जा रहा था और इसी दौरान उससे यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




