Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर ग्राहकों को कमरा देने वाले दो होटलों पर छापा मारकर दो मैनेजरों को पकड़ा है। दोनों आरोपी अपने मालिक के कहने पर बिना आईडी प्रूफ के और रजिस्टर में एंट्री के कमरे बुक करते थे। पुलिस ने 2 रजिस्टर भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सेक्टर 14 को सूत्रों के माध्यम से एक सूचना नजदीक बस स्टैंड होटल में बिना रजिस्टर में इंद्राज किए व बिना पहचान आईडी के कमरा देखकर नियमों का उल्लंघन करने के संबंध में प्राप्त हुई। जिसके बाद पुलिस ने होटल डायमंड रिंग ओर होटल अशोका इन पर रेड की।
पुलिस ने रेड के दौरान होटल डायमंड रिंग के काउंटर पर मौजूद मैनेजर ध्रुव पटेल निवासी गांव रंगीला पार्क जिला राजकोट (गुजरात) से होटल में आने वाले लोगों का एंट्री रजिस्टर मांगा और चेकिंग के दौरान पाया गया कि रजिस्टर में पूर्ण एंट्री नहीं है। पूछताछ करने पर होटल मैनेजर ध्रुव ने बताया कि उसे मालिक सोनू ने रखा हुआ है और वह मालिक के कहने पर ही बिना रजिस्टर में एंट्री किए व बिना पहचान आईडी के लोगों को कम समय ठहरने के लिए कमरा उपलब्ध कराता है।
वहीं पुलिस ने दूसरी रेड के दौरान होटल अशोका इन के काउंटर पर मौजूद मैनेजर दूधनाथ निवासी गांव बहरामपुर जिला भोजपुर (बिहार) से होटल में आने वाले लोगों का एंट्री रजिस्टर मांगा। चेकिंग के दौरान पाया गया कि रजिस्टर में पूर्ण एंट्री नहीं है। होटल मैनेजर ध्रुव ने बताया कि उसे मालिक सोनू ने रखा हुआ है और वह मालिक के कहने पर बिना रजिस्टर में एंट्री किए व बिना पहचान आईडी के लोगों को कम समय ठहरने के लिए कमरा उपलब्ध कराता है।
पुलिस द्वारा ध्रुव पटेल व दूधनाथ के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को अभियोग में नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया गया।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि ध्रुव व दूधनाथ मैनेजर के पद पर कार्य करते हैं और उन्हें 13 हज़ार रुपये मासिक वेतन मिलता है। दोनों ने बताया कि होटल मालिक सोनू व उसके अन्य साथियों के कहने पर बिना रजिस्टर में एंट्री किए व बिना पहचान आईडी के वो लोगों को कमरा किराए पर देते हैं।



