Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम | 17 मार्च 2026 : गुरुग्राम के उद्योग विहार थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को गांव डूंडाहेड़ा स्थित बैंक गली में झगड़े की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां खून से सना एक पत्थर बरामद हुआ। घायल व्यक्ति को पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था।

अस्पताल में घायल के बेटे ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता जगदीश (70 वर्ष) का गांव के ही एक व्यक्ति मोनू के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि झगड़े के दौरान मोनू ने पहले जगदीश को धक्का देकर जमीन पर गिराया, फिर लात-घूंसों से मारपीट की और अंत में एक बड़े पत्थर से उनके सीने और चेहरे पर वार किया। घायल जगदीश की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 मार्च 2026 को आरोपी मोनू (27 वर्ष), निवासी जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पेशे से पेंटर है और घटना के दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




