Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-5 इलाके में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब MCG (नगर निगम गुरुग्राम) की CMO टीम अचानक मदर डेयरी के पास पहुंची और अवैध रूप से चल रहे एक अड्डे पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, निगम को पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक महिला यहां अवैध रूप से रेहड़ी लगाकर बैठती है और इस जगह को नशेड़ियों के अड्डे में बदल दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि यहां दिनभर संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था।

जैसे ही MCG की टीम मौके पर पहुंची, वहां का नजारा चौंकाने वाला था। करीब एक दर्जन लोग नशे की हालत में वहीं बैठे मिले। आसपास फैली गंदगी और माहौल देखकर साफ था कि यह जगह लंबे समय से गलत गतिविधियों का केंद्र बनी हुई थी।
टीम ने बिना देर किए अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ियों को हटाना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान वहां मौजूद महिला भड़क गई और जोरदार हंगामा करने लगी। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन अधिकारियों ने समझदारी दिखाते हुए स्थिति को काबू में रखा और कार्रवाई जारी रखी आखिरकार MCG की टीम ने सभी अवैध रेहड़ियों को जब्त कर लिया और इस एरिया को खाली कराया।
अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह के अवैध अड्डों और नशे से जुड़े ठिकानों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर राहत जताई है और उम्मीद जताई है कि अब इलाके में दोबारा ऐसी गतिविधियां नहीं पनपेंगी।




