Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 26 मार्च 2026: साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खोलकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश अहलावत (26), सागर (25), अभिषेक (26) और यासीन नूर मोहम्मद (54) के रूप में हुई है। ये सभी अलग-अलग राज्यों से संबंध रखते हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कई बैंक खाते खुलवाए और इन्हें विदेशी साइबर ठगों को बेच दिया। इसके बदले आरोपियों को अब तक करीब 1 लाख रुपये मिल चुके थे, जबकि प्रत्येक खाते के लिए उन्हें 50 हजार से 1 लाख रुपये मिलने वाले थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 बैंक खातों की चेकबुक, पासबुक, डेबिट कार्ड, 4 पासपोर्ट और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और ऐसे गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




