Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम की सड़कों पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां NH-48 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। झाड़सा चौक फ्लाईओवर के पास सेक्टर-15 के नजदीक हुए इस हादसे में ऑटो चालक नवल महतो (44) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक यात्री घायल हो गया।

मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सिसवा गांव के रहने वाले नवल महतो दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रहते थे और ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते थे। सोमवार तड़के करीब 5 बजे वह आनंद विहार से सवारी लेकर गुरुग्राम की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल नवल महतो को सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सवारी सुरेश का इलाज जारी है।
परिजनों के मुताबिक, नवल महतो घर के इकलौते कमाने वाले थे और उनके चार बच्चे हैं। परिवार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी भी जल्द होने वाली थी। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रामपाल के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी कार चालक की पहचान की जा रही है।
परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की है।




