Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
शादी का लालच देकर युवती को पहले अपने जाल में फंसाने और फिर उसके नाम पर 20 लाख रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती का शोषण भी किया और बाद में लोन चुकाने से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने लगा। डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली हैं। वर्ष 2024 में उसकी दोस्ती जयपुर के अक्षय भट्ट से मेट्रीमोनियल साइट के जरिए हुई। दोस्ती गहरी होने पर अक्षय ने उसे मिलने के लिए गुड़गांव बुलाया। आरोप है कि 4 सितंबर 2024 को अक्षय ने उसे डीएलएफ फेज-3 के यू ब्लॉक में बुलाया और शादी का लालच देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त नोएडा निवासी अविनाश राजपूत के साथ मिलकर पीड़िता के नाम पर 20 लाख रुपये का लोन ले लिया। इसके बाद 25 सितंबर 2024 को आरोपी ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लोन की राशि हड़प ली। पैसे मिलने के बाद अक्षय ने युवती से बातचीत बंद कर दी और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
जब पैसे मांगे तो दी धमकी, केस दर्ज
जब युवती ने लोन के पैसे चुकाने के लिए कहा तो अक्षय ने उसे जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस को शिकायत की। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




