Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह: जिले की फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने एक चर्चित हत्या मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब पांच महीने पहले अपने ही पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते साल अक्टूबर माह में पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी समसुद्दीन, निवासी महुं (थाना सदर फिरोजपुर झिरका), ने गुस्से में आकर अपने पिता के सिर पर लाठी से वार कर दिया था। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उपचार के दौरान कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी पुलिस के डर से फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदलकर छिपता फिर रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बिना किसी दबाव के अपना अपराध स्वीकार कर लिया और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




