Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 18 सितंबर। बरसात का मौसम बीतने के बाद अब फरीदाबाद में डेंगू मलेरिया ने अपने पैर पसारना शुरु कर दिया है। ऐसे में मरीजों की बात की जाए तो जिले में अभी तक डेंगू के 16 मरीज है तो वहीं मलेरिया के अभी तक 13 केस आए हैं। वहीं, डेंगू मलेरिया पर रोकथाम के लिए प्रशासन की ओर से तमाम दावे किए जा रहे थे। प्रशासन का कहना था कि डेंगू मलेरिया पर रोकथाम के लिए तमाम वाटर बॉडीज में एंटी लारवा दवाई और बड़ी वाटर बॉडीज में गंभुजा मछलियों को छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा तमाम शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग कराई जा रही है। जिससे डेंगू और मलेरिया का लारवा ना पनप सके।
बल्लभगढ़ सेक्टर 3 के लोगों का कहना है कि अभी तक ऐसा कुछ भी प्रशासन की ओर से देखने के लिए नहीं मिल रहा जिससे कि तमाम मच्छरों से होने वाली बीमारियों पर रोकथाम की जा सके। तो वहीं दूसरी ओर लोगों का यह कहना है कि बल्लभगढ़ सेक्टर 3 के दशहरा मैदान में पिछले काफी समय से बरसात का पानी इकट्ठा हुआ पड़ा है, जिसके कारण पूरे सेक्टर 3 में मच्छरों की तादाद दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, लेकिन प्रशासन बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा है। अब एक बार फिर बरसात होने के बाद पूरे दशहरा मैदान में पानी भरा हुआ है और प्रशासन इस पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा है और ना ही मच्छरों की रोकथाम को लेकर कोई भी कार्रवाई कर रहा है।




