Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 24 सितंबर। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सोमवार देर शाम बड़खल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 30 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के शुभारंभ को लेकर स्थानीय बुजुर्गों के हाथों नारियल फुड़वाए। इस अवसर पर उन्होंने जनता से स्वदेशी अपनाने की अपील की और स्वदेशी संकल्प यात्रा की गाड़ी को रवाना किया। प्रदेश में बिजली के बिलों पर कई तरह के चार्ज लगाने के सवाल पर गुर्जर ने कहा कि हम कोई भी अतिरिक्त भार जनता पर नहीं डालना चाहते, जिसके लिए वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे। वहीं, इस मौके पर उनके साथ बड़खल विधानसभा के विधायक धनेश अदलखा, स्थानीय पार्षद और भारी संख्या में जनता मौजूद रही जहां उन्होंने मंच से सभी को संबोधित किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि आज बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा के प्रयत्नों से लगभग 30 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है और इससे पहले 100 करोड़ के विकास कार्य इस विधानसभा में हो चुके हैं। उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर जनता को बधाई दी और कहा आज फरीदाबाद के तमाम पार्षदों और अधिकारियों के साथ फरीदाबाद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक विशेष मीटिंग के जरिए इसकी रूपरेखा तैयार की गई है।
स्वदेशी सुरक्षा एवं सुवावलंबन अभियान की चलाई जा रही मुहिम को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को आह्वान किया है कि यदि दूसरों के सामने देश को अड़कर खड़ा होना है तो उसकी एक ही दवाई है आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर भारत तभी बनेगा जब देश के 140 करोड़ लोग स्वदेशी अपनाएंगे और भारत में ही निर्मित स्वदेशी वस्तुएं खरीदेंगे तो निश्चित तौर पर भारत आत्मनिर्भर भी होगा और 2047 में एक विकसित राष्ट्र भी बनेगा।
प्रदेश में बिजली के बिलों पर कई तरह के चार्ज लगाने के सवाल पर गुर्जर ने कहा कि मैंने अखबारों में भी पढ़ा है और उद्योग जगत के लोग भी उनसे इस विषय पर मिले हैं। जिसके लिए वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हम कोई भी ऐसा अतिरिक्त भार जनता पर नहीं डालना चाहते जिससे उनको परेशानी हो इसलिए इस विषय पर मुख्यमंत्री से बात की जाएगी।




