Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 13 सितंबर। सिरसा से कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने आज यहां हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर स्वीकार किया कि भाजपा ने जातपात का मुद्दा उठाकर चुनावी लाभ लिया, वहीं कांग्रेस की भी कुछ कमियां रहीं, जिसकी वजह से पार्टी सत्ता तक नहीं पहुंच पाई। उन्होंने कहा कि पार्टी अब अपनी कमजोरियों को सुधारने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
यहां पर आज शाम आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में सीएलपी लीडर का चुनाव एक साल बाद भी न होने पर शैलजा ने कहा कि पार्टी हाईकमान जल्द ही सीएलपी लीडर, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदों पर नियुक्ति करने का निर्णय लेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही संगठन में नई जिम्मेदारियां बांटी जाएंगी।
इसके बाद शैलजा ने फरीदाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जिनके मकान, दुकान और खेत बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, उनकी फिजिकल वेरिफिकेशन कराकर सरकार को तुरंत उचित मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने सरकार की ओर से अब तक किए गए राहत और पुनर्वास कार्यों को अपर्याप्त बताते हुए उस पर सवाल उठाए।
वोट चोरी के मुद्दे पर शैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही इसे गंभीरता से उठा चुके हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर जारी एक एआई जेनरेटेड वीडियो पर भाजपा द्वारा की गई आलोचना पर उन्होंने पलटवार किया। शैलजा ने कहा कि भाजपा नेताओं को भी किसी भी मुद्दे को एक ही तराजू में नहीं तौलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में संतुलित नजरिया जरूरी है और किसी भी विषय को एकतरफा तरीके से प्रस्तुत करना उचित नहीं है।




