Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 28 नवंबर। पुलिस ने हिमांशु भाटिया हत्याकांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मास्टरमाइंड इक्षित का दोस्त था और हिमांशु उसकी बहन को परेशान करता था। जिस वजह से वह उसके खिलाफ लंबे समय से रंजिश पाले हुए था। हिमांशु की हत्या थाना कोतवाली के अंतर्गत आने वाले एक नंबर सी ब्लॉक में 24 नवंबर की देररात की गई थी। वहीं पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी भरत जिसने हिमांशु को चाकू मार कर मौत के घाट उतारा था गिरफ्तार कर चुकी है। भरत की भी हिमांशु से काफी समय से कहासुनी चल रही थी। इसका फायदा उठा इक्षित ने हिमांशु को मौत के घाट उतारने की साजिश रची। इक्षित ने इसके लिए भरत को मोहरा बनाया और 24 नवंबर की देररात जब इक्षित और भरत एक साथ थे तो उन्होंने कॉल कर हिमांशु को वारदात स्थल पर बुलाया था। हिमांशु जब बाइक लेकर वहां पहुंचा तो भरत ने साजिशानुसार उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वे दोनों वहां से फरार हो गए। वहीं, खून से लथपथ हिमांशु अपनी जान बचाने के लिए करीब 300 से 400 मीटर तक दौड़ता रहा। आखिर में वह एक दुकान के आगे गिर गया और उसने वहीं दमतोड़ दिया। वहां पर खड़ी तोड़फोड़ की शिकार एक सफेद रंग की कार पर लगे खून के धब्बे और सड़क पर बिखरे खून के निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे थे, कि हिमांशु की हत्या कितनी बेरहमी से की गई थी। हालांकि हिमांशु पर इक्षित की बहन को छेड़ने के आरोप पर जब मृतक हिमांशु के ख़ास परिचितों से बातचीत की गई तो उन्होंने हिमांशु पर लगाए हुए आरोप पर कहा कि वह इस तरह का लड़का नहीं था और उसकी हत्या की वजह कुछ और ही है जिसके लिए पुलिस को चाहिए कि वह इस मामले की जांच ओर गहनता से करें और पुलिस हिमांशु की हत्या का सच सामने लाएं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24/25 नवंबर की रात को टाउन नं. 1 में हिमांशु भाटिया उम्र 27 साल की भरत निवासी ब्लॉक सी, टाउन नंबर 1 द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बारे में पिता रवि भाटिया की शिकायत पर थाना कोतवाली में हत्या की धारा के अंतर्गत् मामला दर्ज किया गया था। जिसमें चाकू मारने वाले आरोपी भरत को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने 26 नवंबर को गिरफ्तार किया था, जिसकी पूछताछ पर मामले के षडयंत्रकारी हिमांशु के दोस्त इक्षित का नाम सामने आया।
उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने आगामी कार्रवाई करते हुए 27 नवंबर को इक्षित (27) निवासी टाउन नं. 1 एनआईटी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि इक्षित और हिमांशु दोस्त थे। हिमांशु, इक्षित की बहन को परेशान करता था। इक्षित को पता था कि भरत और हिमांशु की कहासुनी चल रही है। इक्षित ने बदला लेने के लिए भरत के साथ मिलकर हिमांशु को मारने की साजिश रची और 24/25 नवंबर की रात को जब वह भरत के साथ गाड़ी में मौजूद था तो उसने हिमांशु को फोन कर बुलाया और जैसे ही हिमांशु बाइक पर वहां पर आया तो भरत ने साजिश के अनुसार हिमांशु पर चाकू से वार कर दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
आरोपी इक्षित पर पूर्व में भी लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज है। वह मई 2025 में एक लड़ाई झगड़े के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।




