Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 अक्टूबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। निगम की स्ट्रीट वेंडिंग प्रबंधन टीम अलग-अलग क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट व सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व आमजन की सुविधा सुनिश्चित कर रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को टीम ने सरहौल, सेक्टर-18 व आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर व्यापक पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। टीम ने न केवल अतिक्रमण को हटाया बल्कि मौके से संबंधित सामग्री भी जब्त की। इस दौरान रेहड़ी-पटरी, खोखे, टपरीनुमा व शेडनुमा संरचनाएं तथा ढाबों को भी धराशायी किया गया। टीम ने मौके पर ही संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि वे दोबारा अतिक्रमण करते पाए गए तो उनके खिलाफ नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य गुरुग्राम को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि सड़क, फुटपाथ व सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण से न केवल आमजन को परेशानी होती है बल्कि यातायात भी बाधित होता है। उन्होंने टीमों को निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ इसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर व सुव्यवस्थित बनाए रखने में निगम का सहयोग करें और अतिक्रमण जैसी गतिविधियों से दूर रहें। यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि शहर में यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बाधा रहित बनाया जा सके।



