Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 सितंबर। गुरुग्राम में आज सड़कों पर घूम रही लावारिस गायों को पकड़ने आई MCG की टीम पर हमला किया गया और पुलिस के सामने ही पांच गायों को छुड़ा कर ले जाया गया। MCG ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। इसकी एक वीडियो भी सामने आई है।
शिवाजी नगर इलाके में आज सेनिटरी इंस्पेक्टर जितेंद्र सांगवान और उनकी टीम सड़कों से लावारिस गाय पकड़ रही थी। तभी हमलावरों ने उनके साथ हाथापाई की। इतना ही नहीं आरोपी गाली गलौच और जान से मारने की धमकी देकर पांच गायों को छुड़ा ले गए। घटना के वक्त सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान भी मौजूद थे, लेकिन आरोपियों को उनका भी कोई डर नहीं दिखाई दिया। इस घटना से एमसीजी अधिकारियों में आक्रोश है। सेनिटरी इंस्पेक्टर ने इसकी शिकायत अर्जुन नगर चौकी में दी है।
सेनिटरी इंस्पेक्टर जितेंद्र सहारण ने बताया कि वे आज शिवाजी नगर के भूतेश्वर मंदिर के पास व्यस्त इलाके में लावारिस गायों को पकड़ने के लिए रूटीन अभियान पर थे। हमारी टीम ने सावधानीपूर्वक पांच गायों को पकड़ लिया था, जो सड़कों पर घूम रही थीं और ट्रैफिक के लिए खतरा पैदा कर रही थीं। तभी गौरव नामक एक व्यक्ति और उसके साथ पांच-छह लोग आए और उन पर अचानक हमला बोल दिया। अधिकारी और कर्मचारियों से हाथापाई की उन्होंने गायों को छुड़ाने की कोशिश की और जब हमने रोका तो हाथापाई शुरू कर दी। हमलावरों ने टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। आरोपियों ने कहा कि वे उनके दुधारू पशु हैं, उन्हें पकड़ा तो जान से मार देंगे।
घटना के समय इलाके में कई लोग मौजूद थे, लेकिन कोई मदद न करने के कारण टीम को काफी परेशानी हुई। आरोपियों से बचने के लिए टीम को पीछे हटना पड़ा, जिससे सभी पांच गायें हमलावरों के हाथ लग गईं। उन्होंने कहा कि यह हमला न केवल हमारे अभियान को बाधित करता है, बल्कि नगर निगम के कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। हम ऐसे अवैध कार्यों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
वहीं, एमसीजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर में लावारिस पशुओं की संख्या बढ़ रही है, जो दुर्घटनाओं और बीमारियों का कारण बन रही है। हाल ही में एमसीजी ने सितंबर में एक विशेष अभियान शुरू किया था, जिसमें सेक्टर-15, डीएलएफ फेज-5 और सेक्टर-42 जैसे इलाकों से सात पशुओं को पकड़ा गया था। एक अनुमान के अनुसार गुरुग्राम शहर और आसपास के कस्बों में 10 हजार लावारिस पशु सड़कों पर घूम रहे हैं।




