Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 दिसंबर। गुरुग्राम स्थित प्रतिष्ठित सीपीएसएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सत्र 2025-26 के नव विद्यार्थियों के स्वागत हेतु 22वीं फ्रेशर्स पार्टी “यूफोरिया मीट” का भव्य एवं हर्षाेल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों तथा संकाय सदस्यों द्वारा संयोजित इस समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर डीपीजी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन राजेंद्र गहलोत, वाइस चेयरमैन दीपक गहलोत, सेक्रेटरी नरेंद्र गहलोत, सीपीएसएम कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. संगीता यादव, डॉ. प्रहलाद (डायरेक्टर अकैडमिक्स), डॉ. प्रिया शुक्ला (डायरेक्टर, डीपीजी लॉ कॉलेज), डॉ. माधवी भाटिया (डीन, फार्मेसी) तथा समस्त संकाय सदस्य अपनी गरिमामयी उपस्थिति के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि राजेंद्र गहलोत ने अपने प्रेरक संबोधन में सभी नव विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि फ्रेशर्स पार्टी केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का सशक्त अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा लक्ष्य-केन्द्रित प्रयासों को आत्मसात करते हुए अपनी शैक्षणिक यात्रा को सफल बनाने का संदेश दिया।

वाइस चेयरमैन दीपक गहलोत ने अपने सारगर्भित संबोधन में संस्थान की 2004 से अब तक की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार संस्थान ने शिक्षा की गुणवत्ता, नैतिक मूल्यों, तकनीकी उन्नति और बहुआयामी गतिविधियों के माध्यम से निरंतर प्रगति की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति हेतु श्रेष्ठ प्रयास करने और सकारात्मक संगति बनाए रखने की सलाह दी।
प्रधानाचार्या डॉ. संगीता यादव ने अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीपीएसएम कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक रूप से, बल्कि नैतिक, सामाजिक और व्यावहारिक रूप से भी समृद्ध बनाना है। उन्होंने अनुशासन, समय-पालन, नेतृत्व क्षमता और सीखने की प्रवृत्ति को सफलता की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह, ऊर्जा और उल्लास का अद्भुत वातावरण बना दिया। विद्यार्थियों ने सोलो डांस, सिंगिंग, ग्रुप डांस, डुएट डांस जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फ्रेशर्स द्वारा प्रस्तुत शानदार रैंप वॉक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने पूरे समारोह में ग्लैमर और उमंग का विशेष रंग भरा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को विभिन्न विशेष टाइटल व गिफ्ट हंपर्स से सम्मानित किया गया, जिनमें-
मिस्टर स्वाव् अभिनव, मिस्टर वर्सेटाइल निरंजन, मिस्टर फ्रेशर दीपांशु, मिस फ्रेशर आयुषी भाटि, मिस वर्सेटाइल बबलिन, मिस कैरिज़्ˈमैटिक् निशु, मिस रेडिएंट प्रीतिका, तथा बेस्ट स्माइल आरती के खिताब शामिल रहे।
समारोह का समापन सुशीला ठाकरान द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के सहयोग और सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, यादगार और प्रेरणादायी बन सका।




