
उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा के जज्बे को सलाम
मधुबन से साइकिल पर तावड़ू पहुंचे
स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के छात्रों को किया जागरूक
Bilkul Sateek News
नूंह, 25 दिसंबर। हरियाणा पुलिस के उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा युवाओं को नशे से दूर रखने के अभियान में दिनरात जुटे हुए हैं। डॉ. वर्मा रोजाना साइकिल पर नशे के खिलाफ अलख जगाते हुए राज्य के अलग-अलग शहरों, गांवों व कस्बों में जाते हैं। वे आज मधुबन से साइकिल पर तावड़ू के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल पहुंचे और छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। स्कूल में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य विनोद कुमार ने की।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो प्रमुख (पुलिस महानिदेशक) ओपी सिंह, भापुसे साहब के दिशानिर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक पंखुरी कुमार के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध रोजाना अभियान चलाकर युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी (उप निरीक्षक) डॉ. अशोक कुमार वर्मा प्रतिदिन साइकिल से राज्य के अलग-अलग शहरों में जाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस कड़ी में वे आज तावड़ू पहुंचे। ये नूंह में 20वां जागरूकता कार्यक्रम था जिसमें 500 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
डॉ. वर्मा ने छात्रों को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा भारत को नशा मुक्त करने के लिए नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांस एक्ट 1985 बनाया गया है, जो भारत में रहने वाले सभी व्यक्तियों पर लागू होता है। इस अधिनियम के अनुसार प्रतिबंधित नशे रखना, सेवन करना, क्रय-विक्रय करना, खेती करना, निर्माण करना और ऐसे कार्यों में सहायता करना दंडनीय अपराध हैं। उन्होंने बताया कि यदि प्रतिबंधित नशे मनुष्य के लिए अच्छे होते तो सरकार इसके लिए लाइसेंस देकर बिक्री के लिए खुला कर देती, लेकिन नहीं किया क्योंकि ये नशे मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं। ये नशे मनुष्य के तन मन और धन का हरण करने के साथ-साथ राष्ट्र के विकास में बाधा उत्पन्न करते हैं। मनुष्य का जीवन नर्क से भी बुरा हो जाता है। दूसरी और चेतावनी वाले नशे हैं जिनमें तंबाकू उत्पाद और शराब हैं लेकिन ये भी बहुत ही पीड़ादायक हैं। केवल और केवल तंबाकू के कारण पूरे विश्व में औसतन 80 लाख लोगों की मृत्यु हो रही है। भारत में ये आंकड़े 19 लाख प्रतिवर्ष हैं।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर भी चर्चा करते हुए बताया कि प्रदूषण मुक्त देश के लिए पर्यावरण संरक्षण करना सबका दायित्व है। इसके लिए साइकिल का प्रयोग और अधिक से अधिक पौधे रोपित कर हम पर्यावरण संरक्षण सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने आधुनिक समय में साइबर अपराध पर बोलते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी निजी जानकारी किसी व्यक्ति के साथ साझा न करें। केवल सावधानी ही साइबर अपराध से बचा सकती है। कार्यक्रम के अंत में शपथ ग्रहण करवाई और बताया कि ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 9050891508 पर गुप्त रूप से सूचना देकर नशा मुक्त भारत अभियान में सहयोग करें।