
image source: social media
Bilkul Sateek News
बहादुरगढ़, 20 अगस्त। बहादुरगढ़ में केएमपी (कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस- वे) पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने महिंद्रा पिकअप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे 4 मजदूरों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और 3 पुरुष शामिल है। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हादसा केएमपी एक्सप्रेस-वे पर जम्मू कटरा एक्सप्रेस-वे फ्लाईओवर के ऊपर हुआ है। घायलों को उपचार के लिए पहले
बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल लाया गया था। जहां आठ को छोड़कर बाकी सभी को पीजीआई रोहतक भेज दिया गया।
घायलों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के अमन नगर से पिकअप में हरियाणा के करीब 37 लोग महेंद्रगढ़ स्थित घोड़ा कैमला गांव जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वे हर साल फसल कटाई के लिए हरियाणा आते हैं। वह अपने गांव से कल हरियाणा के लिए निकले थे। रात के समय करीब 3 बजे जब वे केएमपी एक्सप्रेसवे पर जम्मू कटरा एक्सप्रेस-वे फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कैंटर चालक ने पिकअप गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को एंबुलेंस के जरिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। जहां से आठ घायलों को छोड़कर बाकी सभी को पीजीआई रोहतक भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि घायल और मृतक सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं कैंटर चालक के बारे में भी पुलिस ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।