Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में चैत्र मेले की शुरुआत होते ही पूरा मंदिर परिसर आस्था, रंग और उत्साह से सराबोर हो गया है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं। परिवारों के साथ आए भक्त पूजा-अर्चना, मुंडन संस्कार और नवविवाहित जोड़ों के लिए आशीर्वाद लेने के लिए कतारों में दिखाई दे रहे हैं।

मेला शुरू होने से पहले ही मंदिर को फूलों, रंगीन लाइटों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिसने पूरे माहौल को भक्ति और उल्लास से भर दिया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार का चैत्र मेला खास अनुभव दे रहा है, जहां हर तरफ माता के जयकारों और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दे रही है।
मेले के पहले ही दिन से बच्चों के मुंडन संस्कार और नवविवाहित जोड़ों के आशीर्वाद के लिए मंदिर में भीड़ बढ़ने लगी है। मंदिर के भीतर धार्मिक अनुष्ठान लगातार जारी हैं, जबकि बाहर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की टीमें सक्रिय हैं।
प्रबंधन के अनुसार शनिवार से सोमवार के बीच सबसे ज्यादा भीड़ आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मेले के दौरान सुरक्षा को देखते हुए करीब 200 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा होमगार्ड, स्वयंसेवक और महिला पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर रहेंगे। भीड़ प्रबंधन और निगरानी के लिए मंदिर परिसर में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
भक्तों की सुविधा के लिए दो बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं, जिन पर सुबह और शाम की आरती का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा, ताकि दूर खड़े लोग भी आरती के दर्शन कर सकें।
नवरात्र में 24 घंटे खुलेगा मंदिर
नवरात्र के दौरान मंदिर को चौबीसों घंटे खुला रखा जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। साथ ही मेले में स्वास्थ्य, स्वच्छता और धार्मिक महत्व से जुड़े जागरूकता शिविर भी लगाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए बढ़ाई गई सुविधाएं
मंदिर परिसर में मुंडन हॉल, मन्नत के धागे बांधने की जगह और माता के तालाब की मिट्टी लेने वाले क्षेत्र में विशेष व्यवस्था की गई है। जगह-जगह दिशा-निर्देश देने वाले साइन बोर्ड लगाए गए हैं। वहीं वीआईपी आगंतुकों के लिए नए मंदिर परिसर से अलग मार्ग भी तैयार किया गया है, जिससे आम श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार के मुताबिक, चैत्र मेले में आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया गया है।




