Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस की बड़ी पहल: महिलाओं के लिए शुरू हुई ‘डिजिटल सहेली’ हेल्पलाइन, साइबर अपराधों पर तुरंत कार्रवाई
गुरुग्राम। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुग्राम पुलिस ने ‘डिजिटल सहेली’ हेल्पलाइन की शुरुआत की है, जिसके जरिए महिलाएं साइबर अपराधों और डिजिटल उत्पीड़न से जुड़ी अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगी।

महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 9999981002 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस हेल्पलाइन पर 8 महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम 24 घंटे तैनात रहेगी, जो पीड़ित महिलाओं को तुरंत सहायता प्रदान करेगी।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा स्थापित यह डिजिटल सहेली सेल विशेष रूप से एंटी डीपफेक और सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट के रूप में काम करेगी। इसका उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों जैसे डीपफेक, मॉर्फ्ड फोटो, अश्लील वीडियो प्रसारण और ऑनलाइन यौन उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई करना है।
इस सेल का उद्घाटन गुरुग्राम के महिला थाना सेक्टर-51 में पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने किया। इस पहल में रीत फाउंडेशन का भी सहयोग रहा।
पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने बताया कि यदि किसी महिला की फोटो या वीडियो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाता है, तो पीड़िता हेल्पलाइन नंबर 9999981002 पर संपर्क कर सकती है या साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकती है। शिकायत मिलते ही इस सेल द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल सहेली प्लेटफॉर्म पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय है। यहां पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता के साथ-साथ काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और भावनात्मक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ दोबारा सामान्य जीवन जी सकें।
गुरुग्राम पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि महिलाएं किसी भी डिजिटल अपराध की स्थिति में अकेली नहीं हैं। मदद, सुरक्षा और न्याय के लिए यह प्लेटफॉर्म हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
हालांकि इस पहल का महिलाओं को कितना लाभ मिलेगा यह आने वाला समय बताएगा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गुरुग्राम पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय मानी जा रही है।




