Bilkul Sateek News
रेवाड़ी, 1 नवंबर। हरियाणा के गौरवशाली स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय रेवाड़ी में 1 नवंबर को शाम 4 बजे एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह उत्सव वीर भूमि हरियाणा की समृद्ध संस्कृति, शौर्य और विकास यात्रा को समर्पित रहा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली के साथ ही रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व बीजेपी के वरिष्ठ नेता वीर कुमार की भी विशेष उपस्थिति रही।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा: “हरियाणा की माटी में शौर्य है, किसानों की मेहनत है और जवानों का पराक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हमारा हरियाणा आज ‘नॉन-स्टॉप’ विकास की नई बुलंदियों को छू रहा है। ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ के दम पर युवाओं को रोज़गार मिल रहा है और हर क्षेत्र में समान विकास हो रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि “हरियाणा दिवस हमें अपनी जड़ों, अपनी हरियाणवी बोली और अपनी समृद्ध संस्कृति से जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और जिलावासियों का धन्यवाद दिया कि वे इस अवसर पर कार्यालय पहुंचे व इस’सांस्कृतिक गौरव उत्सव’ का हिस्सा बनें और इस कार्यक्रम को अपनी उपस्थिति से सफल बनाया, अंत में जिला अध्यक्ष ने कहा कि आओ, मिलकर हरियाणा और रेवाड़ी के गौरव को और बढ़ाएं व देश व दुनिया में हरियाणा का डंका बजाए!”
इस अवसर पर लक्ष्मण सिंह यादव विधायक रेवाड़ी ने भी विचार रखे और कहा कि “रेवाड़ी वीर भूमि है, जिसने देश को हमेशा नेतृत्व दिया है। हरियाणा दिवस के अवसर पर, मैं गर्व से कह सकता हूँ कि पिछले कुछ वर्षों में मोदी और प्रदेश सरकार के प्रयासों से रेवाड़ी विकास की दौड़ में तेज़ी से आगे बढ़ा है। चाहे एम्स (AIIMS) की सौगात हो या बेहतर कनेक्टिविटी की बात, रेवाड़ी के उन सपनों को पूरा किया जा रहा है, जो दशकों से लंबित थे।”
रेवाड़ी विधायक ने जोर देकर कहा कि “हमारा संकल्प है कि हम रेवाड़ी को एक ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करें और हर नागरिक के जीवन में खुशहाली लाएं। वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि “हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति ही हमारी असली पहचान है। हमारी भाजपा सरकार ने न केवल विकास को गति दी है, बल्कि ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूल मंत्र पर चलते हुए, हर वर्ग और हर क्षेत्र का सम्मान किया है। आज हरियाणा खेल, शिक्षा और उद्योग में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।” “यह आयोजन हमारी संस्कृति के प्रति समर्पण को दर्शाता है। यह प्रधानमंत्री मोदी के विज़न और मुख्यमंत्री सैनी की कर्मठता का परिणाम है कि आज प्रदेश में सकारात्मक माहौल है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरियाणवी लोक नृत्य, लोकगीत और प्रदेश की अनूठी विरासत को दर्शाती विभिन्न प्रस्तुतियां शामिल रही।



