Bilkul Sateek News
रेवाड़ी, 13 सितंबर। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की दूरदर्शी सोच, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के ‘आई लव रेवाड़ी’ अभियान के उद्देश्य और मुख्यमंत्री सैनी के स्वच्छता एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जिला नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में आठवां विशेष सघन स्वच्छता अभियान आज सुबह 6.30 बजे से 8.30 बजे तक चलाया गया। इस अभियान की अध्यक्षता प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव ने की।
अभियान की विस्तृत रूपरेखा डॉ. इंद्रजीत यादव, डिप्टी मेडिकल सुप्रिटेंडेंट द्वारा तैयार की गई तथा इसे अस्पताल प्रशासन एवं सभी कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
विशेष पहलू –
इस सफाई अभियान के अंतर्गत् ट्रॉमा सेंटर परिसर, पार्क, जंक यार्ड तथा ट्रॉमा सेंटर की बाहरी सीमा (बियोंड बाउंड्री) की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिसका उद्देश्य यह था कि मरीजों को बेहतर, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और अस्पताल की छवि को और सुदृढ़ किया जा सके।
यह निर्णय लिया गया कि हर शनिवार सुबह 6.30 से 8.30 बजे तक ऐसे ही सघन स्वच्छता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
भागीदारी –
इस सफाई अभियान में स्वयंसेवी संस्था सेवा भारती का विशेष योगदान रहा। संस्था के प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में उनकी टीम सक्रिय रही। इसमें एस.डी.ओ. कंवरलाल तथा सेवा भारती के अन्य 5 सदस्य विशेष रूप से शामिल हुए।
अस्पताल प्रशासन से…
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अनीता सैनी, राजबाला यादव व अंजू, नर्सिंग ऑफिसर प्रदीप, सुपरवाइजर मदन, अजय व तरुण और हाउसकीपिंग स्टाफ, वार्ड अटेंडेंट, सिक्योरिटी गार्ड, लिफ्ट ऑपरेटर और गैस मैनिफोल्ड कर्मचारियों ने मिलकर अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान की पृष्ठभूमि –
उपायुक्त के दिशानिर्देश पर, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की ‘आई लव रेवाड़ी’ थीम को ध्यान में रखते हुए जिला नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में 25 जुलाई से यह विशेष सफाई अभियान प्रारंभ किया गया था। आज उसी क्रम में आठवां विशेष सघन सफाई अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का जोश व उत्साह देखने योग्य रहा।
मुख्य उद्देश्य –
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित बनाना और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों को न केवल गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सेवाएं, बल्कि एक सकारात्मक, स्वच्छ और स्वस्थ माहौल मिलेगा। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ हरियाणा के लक्ष्यों में सक्रिय योगदान देना।
विशेष योगदान –
प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव ने स्वयं 2 घंटे सफाई अभियान में कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों के साथ मिलकर सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने सभी का हौसला बढ़ाया और आमजन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से भी आह्वान किया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने लोगों से अपील की कि पॉलीथीन का प्रयोग न करें तथा पर्यावरण अनुकूल जूट के बैग का उपयोग करें, ताकि प्रदूषण रोका जा सके और शहर व अस्पताल परिसर स्वच्छ बनाए रखा जा सके।
धन्यवाद ज्ञापन –
डॉ. सुरेंद्र यादव ने सेवा भारती हरियाणा के सभी सदस्यों का विशेष योगदान के लिए धन्यवाद किया और कहा कि यह पहल अस्पताल प्रशासन की “स्वच्छ भारत मिशन” के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह अभियान प्रदेश के अन्य अस्पतालों एवं संस्थानों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण बनेगा। यह पहल न केवल अस्पताल को स्वच्छ बनाएगी, बल्कि रेवाड़ी जिले में स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली की नई मिसाल कायम करेगी।








