गुरुग्राम, 7 फरवरी।
गुरुग्राम में बुनियादी ढांचा और पर्यावरण से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, आयुक्त प्रदीप दहिया, नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बंधवाड़ी लैंडफिल साइट और लीगेसी वेस्ट निस्तारण पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 16.80 लाख मीट्रिक टन कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण का कार्य फरवरी 2026 से शुरू होकर फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मंत्री ने बंधवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरणीय प्रभावों पर विशेष ध्यान देने तथा फरीदाबाद से आने वाले कचरे पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

जलनिकासी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने प्राकृतिक ड्रेनेज सिस्टम पर हुए अतिक्रमणों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक माह के भीतर अतिक्रमणों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा।
रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को लेकर लापरवाही बरतने वाले बड़े प्लॉट मालिकों और हाउसिंग सोसाइटियों के ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट वापस लेने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बिना एसटीपी गंदा पानी छोड़ने वाले बिल्डरों और औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।

बैठक में वजीराबाद स्थित राव बिरेंद्र सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई और जनवरी 2027 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सोनीपत के ककरोई गांव से गुरुग्राम तक जलापूर्ति करने वाली गुरुग्राम केनाल को भूमिगत करने की योजना पर भी चर्चा हुई।



