फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के एम्यूजमेंट पार्क में शनिवार शाम करीब 6 बजे बड़ा हादसा हो गया। तकनीकी खराबी के कारण एक झूला टूटकर गिर गया, जिससे 13 लोग घायल हो गए। हादसे में बचाव कार्य के दौरान घायल हुए पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के समय निरीक्षक जगदीश ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने साहस दिखाते हुए लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, इसी दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य घायलों को निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच कमेटी गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि झूला संचालक की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया।
फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। वहीं हरियाणा पुलिस के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि दिवंगत इंस्पेक्टर के परिजनों को पॉलिसी के तहत एक करोड़ रुपये की सहायता राशि व अन्य लाभ दिए जाएंगे। परिवार के योग्य सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी।


