गुरुग्राम, 10 फरवरी 2026:
फ्लिपकार्ट कंपनी के लिए माल ढुलाई करने वाली गाड़ियों से लाखों रुपये के सामान की चोरी के मामले में गुरुग्राम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध शाखा सेक्टर-40, गुरुग्राम की टीम ने इस मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में दिनांक 12 दिसंबर 2025 को पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंपनी श्री रामा लॉजिस्टिक्स एक ट्रांसपोर्ट कंपनी है, जिसकी गाड़ियां कॉन्ट्रेक्ट के आधार पर फ्लिपकार्ट कंपनी के लिए सामान लाने व ले जाने का कार्य करती हैं। फ्लिपकार्ट कंपनी द्वारा जानकारी दी गई कि 28/29 अगस्त 2025 को दो गाड़ियों में लाखों रुपये का सामान फ्लिपकार्ट हब बिनोला से डिलीवरी के लिए लोड किया गया था, लेकिन गाड़ियों के चालक शाकिर और आरिफ द्वारा रास्ते में ही सामान चोरी कर लिया गया और वे फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना बिलासपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 9 फरवरी 2026 को राजीव चौक, गुरुग्राम से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमजद (35 वर्ष), निवासी गांव सबरास, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अमजद ने गाड़ी चालकों शाकिर, आरिफ और एक अन्य आरोपी आशिफ के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए मोबाइल फोन अमजद के हिस्से में आए थे, जिन्हें उसने नूंह के एक व्यक्ति को करीब 2 लाख 50 हजार रुपये में बेच दिया।
पुलिस टीम द्वारा अब तक इस मामले में शाकिर, आरिफ, आशिफ और अमजद सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से अब तक 05 चोरी किए गए मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी अमजद को आज दिनांक 10 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की गहन जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



