गुरुग्राम 10 फरवरी।
गुरुग्राम पुलिस ने मर्चेंट्स प्लाजा सोसाइटी, सेक्टर-88 से लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये की अनुमानित कीमत का चोरी किया गया सामान बरामद किया है। बरामद सामान में 37 एसी यूनिट, 3 रेफ्रिजरेटर, 2 माइक्रोवेव, 13 एलईडी टीवी और चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप गाड़ी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 7 फरवरी 2026 को मर्चेंट्स प्लाजा सोसाइटी, सेक्टर-88 के प्रतिनिधि ने पुलिस चौकी सेक्टर-93, थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 5 फरवरी 2026 को सोसाइटी के निर्माणाधीन फ्लैट्स से अज्ञात लोगों द्वारा एसी, फ्रिज, एलईडी टीवी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-10 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार, इंचार्ज पुलिस चौकी सेक्टर-93 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 फरवरी को मानेसर, गुरुग्राम से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साने आलम (19), निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश), सारीक (19), निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) और ताराचंद (22), निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि साने आलम और सारीक गुरुग्राम में कबाड़ी का काम करते हैं, जबकि ताराचंद पिकअप गाड़ी से सामान ढोने का कार्य करता है। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई और निर्माणाधीन फ्लैट्स से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया। चोरी के बाद सामान को पहले सोसाइटी के बेसमेंट में इकट्ठा किया गया और फिर 5 व 6 फरवरी की रात को पिकअप गाड़ी में लोड कर मानेसर स्थित कबाड़ी के गोदाम में छिपा दिया गया।
आरोपी चोरी किए गए सामान को आगे बेचने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही गुरुग्राम पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और पूरा सामान बरामद कर लिया। आरोपियों को 8 फरवरी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 9 फरवरी 2026 को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



