Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
बवाना थाना इलाके के मुंगेशपुर गांव में खेतों के अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान इलाके के कुख्यात प्रदीप के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीने गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को बवाना थाना पुलिस को जानकारी मिली कि मुंगेशपुर गांव के खेतों में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि शव सड़ने लगा था। उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद गुमशुदा लोगों के परिजन से बात की गई। इसके बाद मृतक के भाई अनिल ने शिनाख्त की। अनिल ने बताया कि प्रदीप इलाके का कुख्यात बदमाश था।
जांच के दौरान पता लगा कि 29 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ शराब की दुकान पर गया था। वहां से शराब खरीदकर वब मुंगेशपुर इलाके में शराब पीने चले गए। रात करीब 10 बजे प्रदीप ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वह सोहटी-कुतुबगढ़ रोड के पास है, उसकी स्कूटी में पंक्चर हो गया है और वह जल्द ही घर लौट आएगा। इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिवार वालों ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मंगलवार को प्रदीप की पत्नी ने बवाना थाना पुलिस को शिकायत की। उसी दिन पुलिस को शव बरामद हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मृतक के तीनों साथियों पर शक है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




