गुरुग्राम। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “सरस आजीविका मेला गुरुग्राम 2026” का औपचारिक उद्घाटन 13 फरवरी, शुक्रवार को लेजर वैली पार्क, सेक्टर-29 में किया जाएगा। यह मेला ग्रामीण भारत की समृद्ध परंपराओं, हस्तशिल्प कला और महिला स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मेले का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन से एक दिन पूर्व ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर मंत्रालय की निदेशक डॉ. मौलिश्री, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान के सहायक निदेशक चिरंजी लाल कटारिया तथा अंडर सेक्रेटरी जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह मेला “लखपति दीदी” पहल के अंतर्गत आत्मनिर्भर बनी ग्रामीण महिलाओं की प्रेरक कहानियों और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान देने का माध्यम बनेगा। देश के 32 राज्यों से आईं 900 से अधिक महिला उद्यमी 450 से ज्यादा स्टॉलों पर हस्तनिर्मित वस्त्र, हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य उत्पाद, जैविक सामग्री और लोक संस्कृति से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन व बिक्री कर रही हैं।
10 फरवरी से शुरू हुआ यह मेला 26 फरवरी तक चलेगा। “सरस आजीविका मेला” ग्रामीण हुनर, संस्कृति और महिला उद्यमिता का जीवंत उत्सव है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भरता और नवाचार के लिए प्रेरित करेगा।



