पूर्व मंत्री कटारिया की माता भतेरी देवी की पुण्य-तिथि पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे पूर्व मुख्यमंत्री
गुरुग्राम, 13 जनवरी । पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया की माता भतेरी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज गुड़गांव गांव स्थित आवास पर हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं ने पहुंचकर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान कांग्रेस के भूपेंद्र हुड्डा व चौधरी उदयभान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव हारने का कारण संगठन न होने की कमी भी रही। पूर्व मुख्यमंत्री से संगठन को लेकर कई बार प्रेस वार्ताओं में सवाल किया गया, लेकिन प्रक्रिया जारी रहने की बात कही गई। दोनों नेताओं ने कहा कि संगठन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को अवगत कराया गया है। कई बार अप्रूवल नहीं मिलता है। संगठन को लेकर कांग्रेसियों में कोई मतभेद नहीं है। आलाकमान की तरफ से ही प्रक्रिया को मंजूरी नहीं मिल रही है। भूपेंद्र हुडडा ने कहा कि कांग्रेस को लोगों ने नहीं हराया। यह प्रजातंत्र है। कई दफा जनतंत्र पर तंत्र हावी हो जाता है। कांग्रेस कमजोर नहीं है। इस समय लोगों के ऊपर तंत्र हावी है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच परिणाम देखें तो पोस्टल बैलेट में कांग्रेस जीतती रही है और ईवीएम में भाजपा की जीत हुई है। कांग्रेस के अंदर कोई कमजोरी नहीं है। पिछले दस सालों में कांग्रेस का वोट बैंक बढ़ा है। 2014 में 20 प्रतिशत वोट था। अब 39 प्रतिशत है। लोकसभा चुनाव में 28 प्रतिशत वोटिंग कांग्रेस के हक में हुई थी। विधानसभा चुनाव में सिर्फ आधा प्रतिशत का अंतर रहा और प्रदेशों की तुलना में कांग्रेस का प्रदर्शन हरियाणा में बेहतर है। विधानसभा चुनाव के दौरान हुई गड़बड़ी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में केस चल रहा है। उदयभान ने इलेक्शन कमीशन भारतीय जनता पार्टी का गुलाम तक बताया। उन्होंने कहा कि मेयर चुनाव सिंबल पर लड़ेंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशित कटारिया, एमएस चोपड़ा, ओमप्रकाश ढांडा, विक्की कटारिया, सूबे सिंह यादव, गजेंद्र चौहान, मोहित कौशिक, इमरत उल्लावास, इंटक अध्यक्ष अमित यादव, सुभाष मालिक, विकास हुड्डा, भाल सिंह, प्रेम फोर, शमीम खान, गौतम यादव, शिव प्रताप आदि मौजूद रहे।



