Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 सितंबर। गुरुग्राम में सोमवार को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने एयर इंडिया और एयरबस की साझेदारी से बने एडवांस पायलट ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर एयर इंडिया एविएशन ट्रेनिंग अकादमी परिसर में स्थापित किया गया है और इसे अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है।
इस केंद्र का उद्देश्य आने वाले वर्षों में देश की बढ़ती एविएशन इंडस्ट्री की जरूरतों को पूरा करना है। एयर इंडिया ने हाल ही में 570 नए विमानों का ऑर्डर दिया है, जिसके संचालन के लिए बड़ी संख्या में प्रशिक्षित पायलटों की आवश्यकता होगी। इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए एयरबस के सहयोग से यह आधुनिक ट्रेनिंग हब तैयार किया गया है।
अकादमी में अगले 10 साल में लगभग 5 हजार पायलटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए फ्लाइट सिम्युलेटर, टेक्निकल क्लासरूम, सेफ्टी ट्रेनिंग उपकरण और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ट्रेनिंग प्रोग्राम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा, ताकि भारतीय पायलट वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती विमानन मार्केट है। आने वाले दशक में भारत की एविएशन इंडस्ट्री को लाखों नए रोजगार और प्रशिक्षित पेशेवरों की आवश्यकता होगी। यह ट्रेनिंग सेंटर न केवल पायलटों की कमी को पूरा करेगा बल्कि भारत को वैश्विक एविएशन ट्रेनिंग हब बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
विश्वस्तरीय एयरलाइन बनेगी एयर इंडिया
वहीं, एयर इंडिया के एमडी और सीईओ कैंपबेल विल्सन ने कहा, ‘एयर इंडिया 570 नए विमानों के ऑर्डर के साथ विस्तार की प्रक्रिया में है और गुरुग्राम स्थित हमारी एविएशन ट्रेनिंग एकेडमी में नया पायलट प्रशिक्षण केंद्र, जिसका एक हिस्सा एयरबस के साथ मिलकर चल रहा है, पायलटों को प्रशिक्षित और कुशल बनाने में मदद करेगा, जो एयर इंडिया की विश्वस्तरीय एयरलाइन बनने की महत्वाकांक्षा को पूरा करेंगे। यह सुविधा हमारी परिवर्तन यात्रा और एयर इंडिया तथा भारतीय विमानन उद्योग को और अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।’



