Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 8 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने सोसाइटी में गाड़ी सफाई के काम के बदले अपने ही ताऊ के लड़के से (प्रोटेक्शन मनी) फिरौती मांगने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में 7 आरोपियों को पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी सेक्टर-93 थाना सैक्टर-10 को 6 नवंबर को एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत के द्वारा बताया कि वह सिग्नेचर प्रॉक्सिमा-दो सेक्टर-89 में गाड़ी सफाई करने का काम करता है। 22 अक्टूबर को उसके पास ताऊ के लड़के आकाश उर्फ आशु की कॉल आई और बोला अगर तुझे सोसाइटी में गाड़ी सफाई का काम करना है तो कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा उसे प्रोटेक्शन मनी के तौर पर दे, वरना काम नहीं करने दिया जाएगा। जब मैंने इसके लिए मना किया तो आकाश ने उसे जान से मारने की धमकी दी। 6 नवंबर को जब वह गाड़ी की सफाई कर रहा था तब 1 बाइक व 1 कार में 7-8 लड़के आए और बोले अगर तूने आकाश भाई को प्रोटेक्शन मनी देने से मना किया है, तुझे और तेरे भाई ने सोसायटी में काम किया तो तुम्हें जान से मार देंगे। फिर बिजेंद्र ने एक पिस्टल निकाली और उसे धमकी देते हुए डराकर भगा दिया। थाना सेक्टर 10 ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अपराध शाखा सेक्टर-40 की पुलिस ने कल इस मामले में 7 आरोपियों को सेक्टर-40 से पकड़ा। जिनकी पहचान मोहित (उम्र-30 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी गांव राबड़ा जिला सोनीपत (हरियाणा), विनय (उम्र-24 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी गांव गुमड़ा जिला सोनीपत (हरियाणा), रवि कुमार (उम्र-31 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी गांव मल्ला नगर जिला गया (बिहार), सचिन (उम्र-24 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी पुर जिला सोनीपत (हरियाणा), सागर (उम्र-20 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी गांव सिवाना जिला झज्जर (हरियाणा), अमित (उम्र-23 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी गांव बाबेल जिला पानीपत (हरियाणा) और बिजेंदर (उम्र-22 वर्ष, शिक्षा 12वीं) निवासी सेक्टर-29 जिला पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस द्वारा आरोपियों को कल अदालत में पेश करके मोहित, सचिन, रवि व बिजेंद्र को 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। विनय, सागर व अमित को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस पूछताछ व पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान पता चला कि आरोपियों ने अपने साथी के कहने पर शिकायतकर्ता से फिरौती मांगने व अवैध हथियार दिखाकर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से पता चला कि सचिन पर चोरी करने, लूटपाट करने के तहत 7 मामले जिला सोनीपत में व चोरी करने के तहत 3 मामले जिला जींद में पहले से दर्ज हैं। मोहित पर मारपीट करने के तहत 1 मामला, जान से मारने की धमकी देने के तहत 1 मामला व हत्या का प्रयास करने के तहत 1 मामला जिला गुरुग्राम में पहले से दर्ज है। रवि पर एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 मामला, जान से मारने की धमकी देने के तहत 1 मामला व जेल परिवीक्षा अधिनियम के तहत 1 अभियोग जिला फतेहाबाद में पहले से दर्ज है।




