ऑस्ट्रिया में बने 3 विदेशी ग्लाक समेत 45 अवैध हथियार किए बरामद
हत्या, हत्या के प्रयास और फिरौती जैसे संगीन मामलों के अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट मोड पर
संदिग्ध व्यक्तियों पर रखी जा रही नजर
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 नवंबर। अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह के निर्देश पर चलाए गए ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत गुरुग्राम पुलिस ने 289 कुख्यात अपराधियो को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। हरियाणा के डीजीपी के दिशानिर्देश पर इस अभियान में पुलिस की विभिन्न टीमों ने 5 से 20 नवंबर तक लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 289 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियान का फोकस शहर में बढ़ते गंभीर अपराधों को रोकना, अवैध हथियारों की सप्लाई पर नियंत्रण करना और वांछित अपराधियों को पकड़ना था। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, संगठित अपराध और अन्य गंभीर धाराओं में फरार चल रहे आरोपियों की धर-पकड़ की गई।
इस अभियान के तहत सबसे बड़ी सफलता उस समय मिली जब थाना सदर गुरुग्राम के एक पुराने मामले में वांछित 5000 रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्त में आ गया। इसके अलावा शहर में हत्या के मामलों में लिप्त 9 आरोपी, जबकि हत्या के प्रयास में शामिल 29 आरोपी पुलिस के जाल में फंसे। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध में शामिल 48 आरोपियों को भी गिरफ्तार करके महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की गई है। वहीं लूटपाट, छीनाझपटी, डकैती, अवैध वसूली और अपहरण जैसे अपराधों में संलिप्त 56 अपराधियों को भी पुलिस ने धरदबोचा। सबसे बड़ा खुलासा हथियारों के नेटवर्क पर कार्रवाई में सामने आया। पुलिस ने अवैध हथियार रखने, बेचने या उपलब्ध कराने वाले 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 43 देशी कट्टे, 2 पिस्टल, एक मैगजीन, 59 कारतूस और एक चाकू बरामद किया।
डीसीपी हेड क्वार्टर डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि इन हथियारों का इस्तेमाल कई वारदातों में किया जाना था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 75 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट ओपन की है, जिससे आगे इन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। डीसीपी हेडक्वार्टर के अनुसार ऑपरेशन ट्रेक डाउन शहर में दोबारा गंभीर अपराध रोकने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।



