गुरुग्राम में 2 लाख की फिरौती न देने पर जानलेवा हमला, तीसरा आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में 42 वर्षीय व्यक्ति से 2 लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर लोहे की रॉड व डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले दो आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने अब तक कुल पांच आरोपियों को काबू किया है और वारदात में इस्तेमाल एक लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 6 जनवरी 2026 को सेक्टर-47 स्थित पार्क हॉस्पिटल से पुलिस थाना बादशाहपुर को सूचना मिली कि एक व्यक्ति लड़ाई-झगड़े में गंभीर रूप से घायल होकर भर्ती हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित की एमएलसी प्राप्त कर डॉक्टर से बयान लेने की अनुमति मांगी। उस समय डॉक्टर ने घायल को बयान देने के लिए अनफिट घोषित कर दिया। 8 जनवरी को दोबारा राय लेने पर डॉक्टर ने पीड़ित को बयान के लिए फिट बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसका लिखित बयान दर्ज किया।

पीड़ित, जो बादशाहपुर का निवासी है, ने बताया कि उसने किराए की जमीन पर झुग्गी बना रखी है। उसके गांव का रहने वाला नरेंद्र उर्फ टिल्लू, जो पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है, जेल से बाहर आने के बाद उससे रंजिश रखने लगा। आरोप है कि टिल्लू ने पहले उससे 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जो डर के कारण उसने दे दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार करीब 15-20 दिन पहले टिल्लू 8-10 युवकों के साथ उसके पास आया और 2 लाख रुपये की मांग की। मना करने पर उसे धमकी दी गई। 6 जनवरी को जब वह स्कूटी से घर लौट रहा था, तब स्पोर्ट्स एकेडमी के पास 14-15 युवक सरिया और लाठी-डंडों के साथ खड़े मिले। आरोप है कि उन्होंने उसकी स्कूटी रुकवाई और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर हाथ-पैर तोड़ने की कोशिश की। जाते-जाते हमलावरों ने धमकी दी कि टिल्लू को 2 लाख रुपये दे देना, नहीं तो जान से मार देंगे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा सोहना की टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 फरवरी को राजीव चौक से दो आरोपियों मोहित उर्फ गुल्लू (28) और विवेक (21), दोनों निवासी रविदास मोहल्ला बादशाहपुर, को गिरफ्तार किया। अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नरेंद्र उर्फ टिल्लू के कहने पर अपने अन्य साथियों दीपक, आकाश और विकास के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहित उर्फ गुल्लू पर पहले भी मारपीट और जान से मारने की धमकी के चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को 12 फरवरी को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शहर में फिरौती और गैंगवार जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाने की बात कही है।



