गुरुग्राम, 12 फरवरी 2026
गुरुग्राम पुलिस की मानेसर जोन साईबर सेल ने शानदार कार्य करते हुए बीते माह जनवरी 2026 में गुम हुए 30 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आयुक्त गुरुग्राम विकास कुमार अरोड़ा, IPS के निर्देशानुसार जिले के चारों पुलिस जोनों पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और मानेसर की साईबर सेल टीमें CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम मोबाइल फोनों को ट्रैक कर रही हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त मानेसर दीपक, IPS के मार्गदर्शन में साईबर सेल मानेसर की टीम ने विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

सहायक उप निरीक्षक धीरज कुमार, इंचार्ज साईबर सेल मानेसर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोनों के IMEI नंबर ट्रैक कर उन्हें खोज निकाला। इसके बाद संबंधित व्यक्तियों से संपर्क कर 11 फरवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त कार्यालय मानेसर में सभी 30 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त दीपक ने बताया कि आज के समय में मोबाइल फोन लोगों की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। स्मार्टफोन के जरिए लोग न केवल अपने दैनिक कार्य, बैंकिंग और दस्तावेज प्रबंधन करते हैं, बल्कि मनोरंजन और संवाद का भी प्रमुख माध्यम यही है। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस गुम मोबाइल फोनों को ढूंढकर लौटाने का अभियान निरंतर चला रही है।
मोबाइल लौटाने के दौरान साईबर सेल टीम ने उपस्थित लोगों को साईबर ठगी से बचाव और उसके निवारण के उपायों की जानकारी भी दी तथा जागरूकता फैलाने की अपील की।

CEIR पोर्टल दूरसंचार विभाग का नागरिक केंद्रित प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कर ट्रैक किया जा सकता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और www.ceir.gov.in� पर IMEI नंबर ब्लॉक कराएं, ताकि मोबाइल की बरामदगी की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
गुरुग्राम पुलिस ने दोहराया कि वह नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव प्रतिबद्ध।



